जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 पर मिली शिकायत पर खाद्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम लोदाम स्थित एक बर्तन दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बिना वैध अनुमति के रखे गए 13 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त कर अधिकृत गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिए गए।
खाद्य विभाग को सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत मिली थी कि ग्राम लोदाम के मुख्य मार्ग स्थित एक बर्तन दुकान में पिछले करीब डेढ़ वर्ष से बिना लाइसेंस घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही है। शिकायत में सार्वजनिक स्थान पर सिलेंडरों के अनाधिकृत भंडारण और बिक्री से किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका जताई गई थी।
शिकायत के आधार पर 28 जुलाई 2026 को सहायक खाद्य अधिकारी और खाद्य निरीक्षक की संयुक्त टीम ने दुकान की जांच की। मौके पर दुकान संचालक मुकेश कुमार साहू और उनकी पत्नी रूपा साहू मौजूद मिले। तलाशी के दौरान दुकान और आवास से इंडेन कंपनी के 9 भरे और 1 खाली तथा बीपीसीएल के 3 खाली , कुल 13 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद हुए।
जांच में संबंधित पक्ष केवल तीन वैध घरेलू गैस कनेक्शन ही प्रस्तुत कर सका। शेष सिलेंडरों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या अनुमति नहीं मिलने पर खाद्य विभाग ने सभी सिलेंडर जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से लोदाम की अधिकृत गैस एजेंसी को सौंप दिए। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल सीएम हेल्पलाइन 1076 या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
