बलौदाबाजार। जिले में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई पुल और चेक डैम जलमग्न होने से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन 5 पुलों पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, पलारी विकासखंड के महानदी अमेठी घाट पुल पर करीब 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है। वहीं भाटापारा-सुहेला मार्ग स्थित जमुनिया नाला पुल , सुहेला के भंवरगढ़-बरडीह मार्ग का जमुनिया नाला पुल तथा शिकारी-केशली मार्ग के जमुनिया नाला पुल पर लगभग 1-1 फीट ऊपर पानी बह रहा है। इसके अलावा बलौदाबाजार विकासखंड के अचानकपुर चेक डैम पर भी करीब 2 फीट ऊपर पानी होने के कारण आवागमन रोक दिया गया है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कोटवारों के माध्यम से ग्रामीणों को सतर्क रहने और उफनते नदी-नालों व पुलों को पार नहीं करने की मुनादी कराने के लिए कहा गया है।
प्रशासन ने सभी प्रभावित पुलों पर बैरिकेडिंग कर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं राहत एवं आपदा प्रबंधन, होमगार्ड और पुलिस विभाग की टीमों को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
