इस्लामाबाद। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का बयान नया विवाद खड़ा कर गया है। उन्होंने सरकार और सेना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों की तुलना भारत से करते हुए कहा कि जो लोग इस्लामाबाद के खिलाफ सड़कों पर उतर रहे हैं, उन्हें वह ‘भारत जैसा दुश्मन’ मानते हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।
दरअसल,पीओके में विधानसभा चुनाव से पहले हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरकर कश्मीरी शरणार्थियों के लिए आरक्षित 12 विधानसभा सीटों को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी संगठन जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) का आरोप है कि शांतिपूर्ण मार्च के दौरान सुरक्षाबलों ने गोलीबारी की, जिसमें कई लोगों की मौत हुई और दर्जनों घायल हुए।
ख्वाजा आसिफ ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की संभावना भी खारिज कर दी और सरकार की कार्रवाई का बचाव किया। दूसरी ओर, प्रदर्शनकारी इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बता रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, जून से जारी आंदोलन और सुरक्षा बलों की कार्रवाई में अब तक 80 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार बढ़ती हिंसा और सख्त सरकारी रुख ने PoK की स्थिति को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।
