मनेन्द्रगढ़। जिले के खड़गवां ब्लॉक में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग झुलस गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम शिवपुर में धान रोपाई के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं ग्राम पंचायत मंगोरा में मवेशी चराने गए एक चरवाहे पर बिजली गिरने से उसकी जान चली गई।
घटना में पांच अन्य लोग भी झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
