रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर ने बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए भैरव नगर से बोरिया रोड तक नाले पर बने करीब 20 अवैध पाटों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद नाले को कब्जामुक्त कर उसकी सफाई भी कराई गई।
महापौर मीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम के जोन-6 स्वास्थ्य विभाग ने वार्ड क्रमांक 60 में यह अभियान चलाया। जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में वार्ड पार्षद रमेश सपहा और जोन स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हजारी की मौजूदगी में नाले पर बने अवैध पाटों को हटाया गया, जिससे नाला सफाई में आ रही बाधा दूर हो सकी।
कार्रवाई के दौरान नाले से करीब तीन डंपर मलबा और गाद निकालकर सफाई कराई गई। निगम प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम करना और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाना है।

