भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ गठन की प्रक्रिया शुरू, रक्षा मंत्री ने विजय शर्मा को भेजा पत्र

Follow Us

रायपुर। भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट’ के गठन की दिशा में प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा को पत्र भेजकर जानकारी दी है।

गौरतलब है कि विजय शर्मा ने केंद्र सरकार से भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट के गठन की मांग की थी। उन्होंने अपने प्रस्ताव में उल्लेख किया था कि बस्तर संभाग के आदिवासी युवा वर्षों से नक्सल विरोधी अभियानों में अपनी वीरता, साहस और उत्कृष्ट कार्यक्षमता का परिचय देते आए हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में कार्य करने और गुरिल्ला युद्ध जैसी चुनौतियों का सामना करने का उनका अनुभव उन्हें सेना के लिए सक्षम बनाता है।

प्रस्ताव में यह भी कहा गया था कि बस्तर रेजिमेंट का गठन राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास और सामाजिक स्थिरता को भी बढ़ावा देगा। इससे बस्तर के युवाओं को भारतीय सेना में सेवा का बेहतर अवसर मिलेगा, वहीं क्षेत्र में गौरव, अनुशासन और आर्थिक प्रगति को भी नई दिशा मिलेगी। रक्षा मंत्रालय की ओर से प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद इस पहल को बस्तर के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।