रायपुर। देशभर में 2 अगस्त 2026 को Friendship Day मनाया जाएगा। इस खास मौके पर होटल, क्लब और रिसॉर्ट्स में विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां चल रही हैं। इसी बीच राजधानी रायपुर में एक प्राइवेट पूल पार्टी (Private Pool Party) का पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। वायरल पोस्टर में ₹4,999 की एंट्री फीस, खूबसूरत एक्ट्रेसेस और मॉडल्स के साथ इंटरैक्शन, बीयर-ड्रिंक्स, प्राइवेट पूल और म्यूजिक पार्टी का दावा किया गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि एंट्री फीस जमा करने के बाद ही आयोजन स्थल की जानकारी साझा की जाएगी। आशंका जताई जा रही है कि प्राइवेट पार्टी की आड़ में कई संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दिया जा सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने जांच शुरू कर दी है।
पोस्टर में इंटरैक्शन से लेकर किये गए कई दावे
जानकारी के अनुसार, वायरल पोस्टर में “Exclusive Private Premium Pool Party” के नाम से कार्यक्रम का प्रचार किया गया है। इसमें “Limited Guests Only” लिखते हुए सीमित मेहमानों को ही शामिल करने की बात कही गई है। पोस्टर में दावा किया गया है कि पार्टी में खूबसूरत एक्ट्रेसेस और मॉडल्स के साथ इंटरैक्शन का मौका मिलेगा। इसके अलावा बीयर एवं अन्य ड्रिंक्स, स्वादिष्ट भोजन, प्राइवेट पूल और म्यूजिक का भी जिक्र किया गया है।
एंट्री फीस देने के बाद बताई जाएगी लोकेशन
वायरल पोस्टर Instagram यूजर आईडी “ritika18789” से पोस्ट किया गया है। पोस्टर के अनुसार, इस पार्टी में शामिल होने के लिए ₹4,999 की एंट्री फीस तय की गई है। बुकिंग के लिए इंस्टाग्राम पर डायरेक्ट मैसेज (DM) करने को कहा गया है। साथ ही दावा किया गया है कि भुगतान के बाद ही आयोजन स्थल की जानकारी दी जाएगी।
हाईप्रोफाइल लोगों के शामिल होने की चर्चा
बताया जा रहा है कि इस प्राइवेट पूल पार्टी का आयोजन शहर के किसी बड़े रिसॉर्ट में कराए जाने की तैयारी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ हाईप्रोफाइल परिवार से जुड़े हुए लोग भी पार्टी का हिस्सा बन रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तकनीकी जांच में जुट गई है।
जांच में जुटी पुलिस
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि प्राइवेट पूल पार्टी के आयोजन का पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस टीम वायरल पोस्टर की जांच में जुटी हुई है। इस तरह की प्राइवेट पार्टियों के आयोजन की अनुमति पुलिस की ओर से नहीं दी जाती है। ऐसे आयोजनों को सख्ती के साथ नियमानुसार बंद कराया जाएगा।

