बिलासपुर। जिले के तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर में युवकों के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस हिंसक झड़प में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, अपने दोस्त को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे अमन सिन्हा पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। अमन ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ मारपीट होते देख उसे बचाने पहुंचा था, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अमन के चेहरे और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, उसके एक अन्य साथी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में युवकों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। सभी घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
