मुंबई। अभिनेता सुमंत जल्द ही अपनी नई फिल्म ‘न्यूटनस थर्ड लॉ’ के जरिए दर्शकों के बीच नजर आने वाले हैं। फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जिसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। यह फिल्म 31 जुलाई को रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्माण हरीश कोहिरकर और ETV Win Original Production ने मिलकर किया है, जबकि इसका निर्देशन राजेश कर्णा ने किया है।
ट्रेलर की शुरुआत एक पुलिस जांच से होती है, जहां सुमंत का किरदार वासुदेव एक अधिकारी के रूप में एक जटिल मामले को सुलझाने की जिम्मेदारी संभालता दिखाई देता है। ट्रेलर में सस्पेंस, थ्रिल और रोमांच का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है। सुमंत के साथ दिग्गज अभिनेता जगपति बाबू भी अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक और बेहतरीन सिनेमैटोग्राफी ने ट्रेलर के प्रभाव को और बढ़ा दिया है।
फिल्म का संगीत सिंजित येर्रामिल्ली ने तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी वेदा व्यास गोट्टीपति ने संभाली है। फिल्म को मार्क माई वर्ड्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया है। ‘न्यूटनस थर्ड लॉ’ में रवि वर्मा, नेहा पठान और कार्तिक रत्नम महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं शैली कुमार, गौतम पंडिती, हरिणी राव और रूपेश मर्रापु सहायक भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को एक रोमांचक कहानी की झलक देता है।
