धमतरी। जिले के अधारी नवागांव में एक दर्दनाक हादसे में महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घर के आंगन में कपड़े सुखाने गई महिला अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गई, जिससे उसकी जान चली गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अधारी नवागांव निवासी संगीता साहू सोमवार सुबह नहाने के बाद घर के आंगन में कपड़े सुखाने गई थी। जिस स्थान पर कपड़े सुखाने के लिए रस्सी बांधी गई थी, उसके पास से ही बिजली का तार गुजर रहा था। जैसे ही संगीता ने गीले कपड़े रस्सी पर डाले, वह अनजाने में विद्युत तार के संपर्क में आ गई और करंट की चपेट में आ गई।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
