मस्कट। भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एक बार फिर अपनी ताकत साबित करते हुए यूथ हॉकी5एस एशियन चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। ओमान के मस्कट में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। टीम इंडिया ने सिर्फ 13 मिनट के अंदर तीन गोल दागकर पाकिस्तान पर मजबूत बढ़त बना ली। रोमित पाल ने 5वें मिनट में पहला गोल किया, जबकि कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट और शाहरुख अली ने 13वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एक गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसके बाद कोई मौका नहीं दिया और मुकाबला 3-1 से भारत के नाम रहा। इस जीत के साथ भारत एलीट पूल में शीर्ष स्थान पर रहा और आगामी एफआईएच यूथ हॉकी5एस वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। हॉकी इंडिया ने इस शानदार उपलब्धि पर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा भी की है। भारतीय टीम की यह जीत देश के हॉकी भविष्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
