नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग के बीच दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी एनवीडिया, ओपनएआई (Nvidia, OpenAI) के लिए एक विशाल डेटा सेंटर परियोजना को वित्तीय मजबूती देने की योजना बना रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया (Nvidia) अमेरिका में बनने वाले ओपनएआई (OpenAI) के मेगा AI डेटा सेंटर के लिए करीब 250 अरब डॉलर की वित्तीय गारंटी देने पर बातचीत कर रही है। यह परियोजना दक्षिणी ओहायो में विकसित की जा रही है, जिसकी क्षमता करीब 10 गीगावाट होगी। अनुमान है कि इसकी कुल लागत 500 अरब डॉलर से अधिक हो सकती है। प्रस्तावित गारंटी डेटा सेंटर की लीज और कर्ज व्यवस्था को मजबूत करने में मदद करेगी।
इसके अलावा एनवीडिया, ओपनएआई (Nvidia, OpenAI) को 350 अरब डॉलर तक के AI चिप्स की खरीद के लिए वित्तीय सहयोग देने पर भी विचार कर रही है। यह कदम OpenAI को Microsoft, Amazon और Oracle जैसी क्लाउड कंपनियों पर निर्भरता कम करने में मदद कर सकता है। परियोजना का पहला चरण 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है। AI इंफ्रास्ट्रक्चर के इस बड़े निवेश को भविष्य की कंप्यूटिंग क्रांति की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, जहां Nvidia के अत्याधुनिक चिप्स और OpenAI की AI तकनीक मिलकर नई संभावनाएं पैदा करेंगे।
