पीएम मोदी ने शेयर किया संस्कृत सुभाषित: बोले- सदाचार ही व्यक्ति की असली पहचान और सम्मान का आधार

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए अच्छे आचरण और चरित्र के महत्व को बताया। उन्होंने श्लोक “शीलवान् पूजितो लोके, शीलवान् साधुसम्मतः…” पोस्ट किया, जिसका संदेश है कि सदाचारी व्यक्ति को समाज में सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त होती है। प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए सुभाषित का भावार्थ है कि उत्तम चरित्र वाला व्यक्ति अपनी सत्यनिष्ठा, विनम्रता और मर्यादित व्यवहार के कारण हर जिम्मेदारी के योग्य माना जाता है। ऐसा व्यक्तित्व समाज में विश्वास और प्रेरणा का स्रोत बनता है।

पीएम मोदी इससे पहले भी लगातार संस्कृत के प्रेरणादायक श्लोक सोशल मीडिया पर साझा करते रहे हैं। 24 जुलाई को उन्होंने कर्म, विचार और वाणी के महत्व को दर्शाने वाला सुभाषित साझा किया था। इसमें बताया गया था कि मनुष्य जिस प्रकार के विचार और कर्मों को अपनाता है, उसका व्यक्तित्व भी उसी दिशा में विकसित होता है। वहीं, 23 जुलाई को प्रधानमंत्री ने आत्मा और ब्रह्मांड के संबंध को दर्शाने वाला संस्कृत श्लोक साझा किया था। इन संदेशों के जरिए प्रधानमंत्री भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।