रायपुर। नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक-5 में पदस्थ सहायक राजस्व निरीक्षक (एआरआई) महेश बाघ के खिलाफ अवैध वसूली और कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जोन कार्यालय में नियमों के विपरीत कार्य हो रहे हैं, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को स्थानीय सब्जी विक्रेता बसंत ने आरोप लगाया कि एआरआई महेश बाघ कथित रूप से शराब के नशे में उसके पास पहुंचे और अवैध रूप से पैसों की मांग की। शिकायतकर्ता का दावा है कि पूछने पर संबंधित कर्मचारी ने यह राशि जोन कमिश्नर के “खर्चा-पानी” के लिए लेने की बात कही।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि महेश बाघ के खिलाफ पहले भी कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, सांसद तथा सुशासन तिहार में शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ताओं ने इसे संरक्षण मिलने का मामला बताते हुए राज्यपाल से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
