छात्र प्रदर्शन पर कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी ने अमित शाह को लिखा पत्र, पूछा- बल प्रयोग का आदेश किसने दिया?

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी सियासी घमासान जारी है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। राहुल गांधी ने मामले में जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कई सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने अपने पत्र में प्रदर्शनकारियों पर कथित बल प्रयोग, पैलेट गन के इस्तेमाल और कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को लेकर सवाल किए हैं। उन्होंने पूछा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और अन्य बल प्रयोग का आदेश किसने दिया।

कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया के जरिए भी इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि छात्र बेहतर और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय सुरक्षा बलों ने कथित रूप से सख्त कार्रवाई की। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर आंसू गैस और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जिसमें कई छात्र घायल हुए। उन्होंने महिला छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी मुद्दा उठाया और इसकी जांच की मांग की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में तैनात सुरक्षा बल गृह मंत्रालय के अधीन आते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या छात्रों के खिलाफ पैलेट गन जैसे बल प्रयोग की मंजूरी गृह मंत्री ने दी थी? अगर नहीं, तो यह आदेश किसने दिया। फिलहाल इस मामले पर केंद्र सरकार या गृह मंत्रालय की ओर से राहुल गांधी के आरोपों पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।