काठमांडू। नेपाल सरकार ने नए डिजाइन वाले 1 रुपये के सिक्के पर देश का वही विवादित नक्शा बनाए रखने का फैसला किया है, जिसमें भारत के कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा क्षेत्रों को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया है। इस फैसले के बाद भारत-नेपाल सीमा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। नेपाल राष्ट्र बैंक के प्रवक्ता गुरु प्रसाद पौडेल ने बताया कि केंद्रीय बैंक जल्द ही 1 रुपये का नया सिक्का जारी करेगा। यह सिक्का आकाश भैरव की तस्वीर के साथ जारी किया जाएगा। हालांकि, बैंक को अभी तक सिक्के का अंतिम डिजाइन आधिकारिक रूप से प्राप्त नहीं हुआ है।
भारत पहले ही इस नक्शे पर आपत्ति जता चुका है और इन क्षेत्रों को उत्तराखंड का हिस्सा मानता है। भारत का कहना है कि सीमा से जुड़े मुद्दों का समाधान दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए। यह विवाद मई 2020 में उस समय सामने आया था, जब तत्कालीन नेपाल सरकार ने नया आधिकारिक नक्शा जारी किया था। इस नक्शे में कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को नेपाल की सीमा में दिखाया गया था, जिसके बाद भारत ने आधिकारिक विरोध दर्ज कराया था।
नेपाल राष्ट्र बैंक के अनुसार, नए सिक्के का आकार और धातु पहले जारी किए गए सिक्कों से अलग होगी। नया सिक्का पहले की तुलना में छोटा और हल्का होगा, लेकिन इस पर नेपाल का विवादित नक्शा ही अंकित रहेगा। इससे पहले 20 जुलाई 2026 को नेपाल सरकार ने 1 रुपये के नए सिक्के पर एक बौद्ध मठ की तस्वीर लगाने का फैसला किया था। हालांकि, विपक्षी दलों और आम लोगों के विरोध के बाद सरकार ने अपने निर्णय में बदलाव किया और अब विवादित नक्शे वाले डिजाइन को मंजूरी दी गई है।
