जशपुर में बैल की हत्या का मामला, मांस बांटते 10 आरोपी गिरफ्तार; भारी मात्रा में मांस और हथियार जब्त

Follow Us

जशपुर। जिले के कोतबा थाना क्षेत्र में बैल की हत्या कर उसका मांस बांटने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में कथित गौमांस, मवेशी के अवशेष और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि बैगाबहार वार्ड के पास एक सुनसान खेत में कुछ लोग एक बैल की हत्या कर उसके मांस का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि कई लोगों को मौके से ही पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरी रात छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। अब तक कुल 10 आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी आरोपी बैगाबहार क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने घटनास्थल से कथित गौमांस, मवेशियों के अवशेष और हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिए हैं। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।