रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है। इसे देखते हुए 23 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि अधिकतम वर्षा लगभग 3 सेंटीमीटर दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ दिनों तक मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ी थीं, लेकिन अब नया मौसम तंत्र सक्रिय होने से बारिश में बढ़ोतरी की उम्मीद है। कोंडागांव, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, बलरामपुर और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
