तेहरान। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट के पास एक LPG टैंकर पर मिसाइल हमला होने से समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मोजाम्बिक के झंडे वाले एलपीजी टैंकर ‘दिशा’ पर हुए इस हमले के समय जहाज में 28 भारतीय नाविक सवार थे। राहत की बात यह है कि सभी भारतीय सुरक्षित हैं। भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वह स्थानीय अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के लगातार संपर्क में है।
समुद्री कर्मचारियों के संगठन के अनुसार, टैंकर फारस की खाड़ी की ओर बढ़ रहा था, तभी उस पर अज्ञात मिसाइल से हमला किया गया। हालांकि हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, लेकिन अभी तक किसी देश या संगठन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना ने दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
वहीं दूसरी ओर, विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि, 18 जुलाई को ब्लैक सी से गुजर रहे कमर्शियल जहाज MV OMORFI पर हुए रूसी हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। जहाज पर कुल 10 चालक दल के सदस्य थे, जिनमें तीन भारतीय शामिल थे। सरकार ने पीड़ित परिवार के संपर्क में होने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।
