पत्नी को तीन तलाक बोलकर बच्चों सहित घर से निकाला, पति समेत ससुराल पक्ष पर FIR दर्ज

Follow Us

बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पत्नी को कथित रूप से तीन तलाक बोलकर बच्चों सहित घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मलगा निवासी 27 वर्षीय महिला का विवाह 16 मार्च 2017 को बरियो चौकी क्षेत्र के ग्राम आरा निवासी इस्तेयाक अंसारी (30) से हुआ था। विवाह के बाद महिला संयुक्त परिवार में रहने लगी। आरोप है कि शादी के करीब एक वर्ष बाद पति, सास-ससुर और जेठ-जेठानी दहेज में कम रकम लाने को लेकर उसे ताने देने लगे और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाते हुए गाली-गलौज व मारपीट करते थे।

पीड़िता के दो बच्चे हैं। शिकायत के अनुसार, तीसरी बार गर्भवती होने पर पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। महिला के इनकार करने पर 7 फरवरी को पति ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की और एक साथ तीन बार तलाक बोलकर उसे दोनों बच्चों सहित घर से निकाल दिया।

महिला की शिकायत पर राजपुर पुलिस ने पति इस्तेयाक अंसारी , सास जैतून निशा और ससुर नेशार अहमद के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा 4 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।