कोरबा। जिले के विकास को गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री और कोरबा प्रभारी मंत्री अरुण साव 23 जुलाई को 73 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस दौरान करीब 36 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन और 37 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यों में सड़क, पुल-पुलिया, जल आपूर्ति और शहरी सुविधाओं से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इनमें दर्री बराज-कोहड़िया मार्ग पर बेलगरी नाला में उच्चस्तरीय पुल निर्माण, कुदमुरा-श्यांग और लेमरू-श्यांग मार्ग पर पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा।
इसके अलावा कोरबा नगर निगम क्षेत्र में गौरव पथ निर्माण, नाली निर्माण, जल टंकी और पाइपलाइन से जुड़े कार्यों की शुरुआत होगी। शहर में लोगों को रोजगार सुविधा देने के लिए दुकान निर्माण कार्य भी शामिल है। कार्यक्रम के दौरान कई पूर्ण हो चुके प्रोजेक्ट जनता को समर्पित किए जाएंगे। इनमें जल जीवन मिशन के कार्य, पुल-पुलिया निर्माण और कोरबा में 17 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना का लोकार्पण प्रमुख है। प्रशासन के अनुसार, इन विकास कार्यों से जिले में बेहतर कनेक्टिविटी, पेयजल सुविधा और शहरी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
