रायपुर। दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने मंगलवार को रायपुर के अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बारिश के बावजूद प्रदर्शन में शामिल युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय युवा भीगते हुए विरोध प्रदर्शन में डटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताया।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने छात्रों के समर्थन में एकजुटता जताई और केंद्र सरकार से मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई। अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विरोध दर्ज कराते रहे। कार्यक्रम में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा मौजूद रहे।

