माता वैष्णो देवी यात्रा होगी आसान: आईआरसीटीसी ने लॉन्च किया 5 दिन का किफायती टूर पैकेज; जानें किराया और सुविधाएं

Follow Us

नई दिल्ली। माता वैष्णो देवी के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने खास यात्रा पैकेज शुरू किया है। इस पैकेज के तहत श्रद्धालु आरामदायक सफर के साथ कटरा पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर सकेंगे। IRCTC के इस टूर पैकेज का नाम ‘MATA VAISHNO DEVI EX VARANASI’ रखा गया है। यह यात्रा कुल 4 रात और 5 दिन की होगी। ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को वाराणसी से रवाना होगी और सोमवार को यात्रियों को वापस लेकर लौटेगी। यात्रियों को पूरी यात्रा के दौरान थर्ड एसी श्रेणी में सफर की सुविधा मिलेगी। इस पैकेज में ट्रेन टिकट के साथ कटरा में होटल ठहरने की व्यवस्था, जम्मू रेलवे स्टेशन से कटरा तक एसी वाहन सुविधा और बाणगंगा तक आने-जाने की सुविधा शामिल है। यात्रियों को चुने गए पैकेज के अनुसार नाश्ता और डिनर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

यात्रा की शुरुआत वाराणसी से होगी, जिसके बाद ट्रेन जौनपुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, शाहजहांपुर और मुरादाबाद होते हुए जम्मू पहुंचेगी। पैकेज की कीमत यात्रियों की संख्या और सुविधाओं के आधार पर तय की गई है। इसमें अकेले यात्री के लिए किराया करीब 23 हजार रुपये से शुरू होता है, जबकि ग्रुप में यात्रा करने पर प्रति व्यक्ति खर्च कम हो जाता है। IRCTC ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखें। टिकट बुकिंग, कैंसिलेशन नियम और अन्य जानकारी के लिए यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह पैकेज श्रद्धालुओं को बिना परेशानी के माता वैष्णो देवी के दर्शन कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।