रायपुर में ‘स्किपिंग सीजन-2’ का आयोजन, तेलीबांधा गार्डन में फिटनेस के लिए जुटे सैकड़ों युवा, प्रतिभागियों का हुआ सम्मान

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब गार्डन में रविवार सुबह फिटनेस और खेल का अनूठा संगम देखने को मिला। Sports Enthusiasts Association द्वारा आयोजित ‘स्किपिंग सीजन-2’ में सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और सामूहिक स्किपिंग के जरिए फिटनेस का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य सहयोग Choice International ने किया, जिसके सहयोग से आयोजन को भव्य रूप दिया गया। सुबह 6 बजे शुरू हुए इस इवेंट में नेशनल टीम के खिलाड़ियों की विशेष मौजूदगी और लाइव म्यूजिक ने प्रतिभागियों का उत्साह दोगुना कर दिया। बच्चों, युवाओं और विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

संस्था के अध्यक्ष समीर सिंह, सचिव निलेश कटारिया और प्रवक्ता लिपि जैन ने बताया कि स्किपिंग एक आसान, प्रभावी और स्वास्थ्यवर्धक व्यायाम है, जिसे हर उम्र के लोग अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकते हैं। आयोजन के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम और फिटनेस को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस सफल आयोजन में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों, नेशनल खिलाड़ियों, चॉइस इंटरनेशनल और आयोजन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।