नई दिल्ली। इलेक्ट्रिक वाहन (EV) अपनाने को बढ़ावा देने के लिए हुंडई मोटर इंडिया ने बड़ी पहल की है। कंपनी ने घोषणा की है कि अब इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ता ‘माई हुंडई ऐप’ के जरिए देशभर में 30,000 से अधिक चार्जिंग पॉइंट्स तक आसानी से पहुंच सकेंगे। यह भारत के सबसे बड़े एकीकृत EV चार्जिंग नेटवर्क में से एक होगा।
हुंडई ने यह सुविधा प्रमुख चार्ज प्वाइंट ऑपरेटरों और सेवा प्रदाताओं के सहयोग से तैयार की है, जो सभी कंपनियों के इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए उपलब्ध रहेगी। ऐप के माध्यम से यूजर्स नजदीकी चार्जिंग स्टेशन खोजने, वहां तक पहुंचने का रास्ता जानने, स्लॉट बुक करने और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। कंपनी के अनुसार, यह नेटवर्क देशभर में औसतन हर 25 किलोमीटर के दायरे में चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगा। इसमें कई प्रमुख हाईवे कॉरिडोर भी शामिल हैं।
हुंडई ने वर्ष 2030 तक अपने निजी डीसी फास्ट चार्जिंग नेटवर्क को 183 से बढ़ाकर 600 स्टेशनों तक विस्तार करने की योजना बनाई है। कंपनी के मुताबिक, अब तक उसके चार्जिंग नेटवर्क पर 3 लाख से अधिक चार्जिंग सत्र पूरे हो चुके हैं। हुंडई का कहना है कि मजबूत चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी जरूरत है और यह पहल देश में हरित परिवहन को नई गति देगी।
