रायपुर। राजधानी में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। इसके तहत रविवार को पुलिस परेड ग्राउंड में 200 से अधिक स्कूल बसों की मैकेनिकल और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। अभियान के दौरान बसों की फिटनेस, ब्रेक सिस्टम, स्टीयरिंग, टायर की स्थिति, फायर सेफ्टी उपकरण, इमरजेंसी एग्जिट, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर सहित अन्य जरूरी सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
जांच के साथ ही बस चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया, जिसमें विशेष रूप से आंखों की जांच शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि जिन बसों में तकनीकी खामियां या सुरक्षा नियमों की अनदेखी पाई जाएगी, उनके खिलाफ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य ‘सुरक्षित स्कूल बस, सुरक्षित सफर’ को सुनिश्चित करना है, ताकि बच्चों के आवागमन को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके और अभिभावकों का विश्वास कायम रहे।
