रायपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने ओवरलोड ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न स्कूलों के बाहर क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार 17 और 18 जुलाई को चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान अब तक 50 ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान के दौरान चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुरूप बच्चों का परिवहन करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।
डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा यातायात पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर वाहन चलाना उनकी जान को खतरे में डालता है। ऐसे मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
