राम मंदिर चढ़ावा मामले पर सियासत तेज, राहुल गांधी और खरगे ने पीएम मोदी से की स्वतंत्र जांच की मांग

Follow Us

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र से पहले राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त पत्र लिखकर कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र और व्यापक जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने पत्र में कहा है कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है और चढ़ावे व दान से संबंधित किसी भी तरह के आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को पूरे मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए और सच्चाई देश के सामने रखनी चाहिए।

राहुल गांधी और खरगे ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंदिर के लिए देश-विदेश से मिले नकद, सोना, चांदी और अन्य सभी प्रकार के दान के प्रबंधन की प्रक्रिया की जांच होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं के योगदान के उपयोग की पूरी जानकारी सामने आ सके। पत्र में कांग्रेस नेताओं ने ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का भी उल्लेख किया है और उनसे जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग रखी है। उनका कहना है कि मामले की जांच केवल दस्तावेजों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि ट्रस्ट को प्राप्त सभी प्रकार के चढ़ावे और दान की भी गहन समीक्षा की जानी चाहिए।

कांग्रेस ने मांग की है कि जांच पूरी होने के बाद उसकी रिपोर्ट और ट्रस्ट के वित्तीय विवरण सार्वजनिक किए जाएं, ताकि देश और विदेश के राम भक्तों को यह जानकारी मिल सके कि उनके द्वारा दिए गए दान का उपयोग किस प्रकार किया गया।