रायपुर। राजधानी में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम ने मोवा ओवरब्रिज के नीचे लोधीपारा चौक के पास बड़ी कार्रवाई की। महापौरमीनल चौबे और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-3 की टीम ने होंडा शोरूम समेत अन्य व्यावसायिक संस्थानों के सामने नाले पर बनाए गए छह बड़े अवैध पाटों को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया।
नगर निगम के अनुसार, जोन-3 की जोन कमिश्नर प्रीति सिंह ने कुछ दिन पहले संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर अपने खर्च पर अवैध पाटे हटाने और नाले की सफाई के लिए चैंबर बनाने के निर्देश दिए थे। नोटिस के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर निगम ने सख्त कदम उठाया।
जोन-3 नगर निवेश विभाग की टीम ने कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे , सहायक अभियंता नरेश कुमार साहू और उप अभियंता पूनम साहू की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध निर्माण हटाया। निगम का कहना है कि इन पाटों के कारण नाले की सफाई प्रभावित हो रही थी, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती थी। कार्रवाई के बाद नाले की सफाई कर गंदे पानी की निकासी को सुचारु बनाया गया, ताकि क्षेत्र में जलभराव और जनस्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।
