वाराणसी। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री और सिंगर अक्षरा सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई नया प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनकी आध्यात्मिक यात्रा है। हाल ही में अक्षरा सिंह वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान की तस्वीरें उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं। अक्षरा सिंह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर अपनी निजी व पेशेवर जिंदगी की झलकियां फैंस के साथ साझा करती हैं। इस बार उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर से कई तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें वह पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान शिव के दर्शन करती नजर आ रही हैं। उनकी सादगी और आध्यात्मिक अंदाज को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
तस्वीरों के साथ अक्षरा सिंह ने एक भावुक कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा, “कुछ अनुभूतियां शब्दों से नहीं, केवल हृदय से व्यक्त होती हैं। मन शांत है, हृदय कृतज्ञ है। आपकी कृपा का प्रतिदान शब्दों से संभव नहीं। हर-हर महादेव।” उनके इस पोस्ट पर हजारों फैंस ने ‘हर-हर महादेव’ लिखकर प्रतिक्रिया दी और उनकी तस्वीरों की जमकर सराहना की। अगर उनके लुक की बात करें तो अक्षरा सिंह ने नेवी ब्लू रंग की खूबसूरत बनारसी साड़ी पहनी थी, जिसमें उनका पारंपरिक अंदाज बेहद आकर्षक नजर आया। माथे पर तिलक, खुले बाल और हल्के मेकअप ने उनके लुक को और भी खास बना दिया। सोशल मीडिया पर फैंस उनकी सादगी और भारतीय पारंपरिक परिधान की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षरा सिंह भोजपुरी सिनेमा के साथ-साथ हिंदी मनोरंजन जगत में भी अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं। हाल ही में वह बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के चर्चित गाने ‘घिस घिस घिस’ में नजर आई थीं। इस गाने में उनकी मौजूदगी और अक्षय कुमार के साथ उनकी स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने काफी पसंद किया। अभिनय, गायिकी और सोशल मीडिया पर अपनी मजबूत मौजूदगी के दम पर अक्षरा सिंह लगातार अपने फैंस के बीच लोकप्रिय बनी हुई हैं।

