गौरव गुप्ता के ब्राइडल शो में अनन्या पांडे बनीं शोस्टॉपर, आइवरी लहंगे और घूंघट में दिखा मॉडर्न ब्राइडल लुक

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे ने मशहूर फैशन डिजाइनर गौरव गुप्ता के ब्राइडल शो में शोस्टॉपर बनकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित इस फैशन शो में अनन्या ने आइवरी रंग के शानदार ब्राइडल आउटफिट में रैंप वॉक किया और अपने मॉडर्न दुल्हन वाले अंदाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गौरव गुप्ता ने अपने नए ब्राइडल कलेक्शन ‘Light Song’ को पेश किया, जिसमें भारतीय पारंपरिक शिल्पकला और आधुनिक डिजाइन का खूबसूरत मेल देखने को मिला। इस कलेक्शन में फ्लूइड सिल्हूट, बारीक कढ़ाई, क्रिस्टल वर्क और फ्यूचरिस्टिक डिजाइन को खास जगह दी गई।

अनन्या पांडे के लुक का सबसे बड़ा आकर्षण उनका आइवरी रंग का भव्य लहंगा था, जिस पर फूलों की कढ़ाई, क्रिस्टल, सीक्विन और मोतियों से बेहद बारीक काम किया गया था। पारंपरिक ब्राइडल ब्लाउज की जगह उन्होंने स्ट्रक्चर्ड स्वीटहार्ट नेक ब्रैलेट पहना था, जो पूरे लुक को मॉडर्न टच दे रहा था। ब्रैलेट की स्ट्रैप्स से जुड़ी क्रिस्टल और मोतियों की लटकनें उनके लुक को और भी आकर्षक बना रही थीं। उनके ब्राइडल लुक की सबसे खास बात थी लंबा आइवरी घूंघट, जिसे दुपट्टे की तरह सिर पर पिन किया गया था। यह घूंघट पीछे की ओर लंबी ट्रेल के रूप में फैला हुआ था, जो रैंप पर चलते समय बेहद शानदार नजर आ रहा था और पूरे लुक को रॉयल फिनिश दे रहा था।

ज्वेलरी को भी बेहद संतुलित रखा गया। अनन्या ने मांग टीका, पारंपरिक नथ और डायमंड रिंग्स के साथ अपने ब्राइडल लुक को पूरा किया। इससे उनके आउटफिट की बारीक कारीगरी और भी उभरकर सामने आई। मेकअप की बात करें तो उन्होंने ग्लोइंग स्किन, सॉफ्ट आई मेकअप, हल्के ब्लश और न्यूड टोन लिप्स के साथ मिनिमल ब्राइडल लुक अपनाया। वहीं सेंटर-पार्टेड खुले वेवी बालों ने उनके पूरे लुक में चार चांद लगा दिए। अनन्या पांडे का यह मॉडर्न ब्राइडल अवतार सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैशन प्रेमी और उनके फैंस इस नए अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।