धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ के चर्चित क्रोंधा डबल मर्डर केस का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि भूमि विवाद के चलते दो सगे भाइयों ने बुजुर्ग दंपति की टांगी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शवों समेत घर में आग लगा दी। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी भाइयों श्याम लाल राठिया और जीवन लाल राठिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से मामले की गुत्थी सुलझाई। जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को ग्राम क्रोंधा में मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई के जले हुए शव उनके घर के अंदर मिले थे। घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान घटनास्थल से मिले महत्वपूर्ण सुराग और पुलिस डॉग रूबी के संकेतों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में दोनों भाइयों ने हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि 14 जुलाई की रात वे दोनों टांगी लेकर मंगल राठिया के घर पहुंचे थे। भूमि विवाद को लेकर हुए विवाद के बाद उन्होंने पहले मंगल राठिया और फिर उनकी पत्नी पुनाई बाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से शवों और घर में आग लगा दी, ताकि घटना को हादसा बताया जा सके। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई टांगी और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच में तकनीकी साक्ष्य, एफएसएल रिपोर्ट और मौके से मिले सबूतों ने अहम भूमिका निभाई। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है।

