इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी करते हुए अब इन्हें रोजाना तय करने का फैसला लिया है। यह कदम अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और ईरान-अमेरिका तनाव के बीच उठाया गया है। सरकार के नए फैसले के बाद पेट्रोल की कीमत में 5.44 पाकिस्तानी रुपये और हाई-स्पीड डीजल में 31.05 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद पाकिस्तान में पेट्रोल करीब 316 रुपये और डीजल 354 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, अब ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से रोजाना नई कीमतें तय करेगी। कीमतों और उनके बदलाव के कारणों को सार्वजनिक भी किया जाएगा। सरकार का कहना है कि, वैश्विक तेल बाजार में लगातार बदलाव के कारण यह व्यवस्था लागू की गई है। हालांकि, ऑल पाकिस्तान डीलर्स एसोसिएशन ने इस फैसले का विरोध किया है और इसके खिलाफ आंदोलन की तैयारी की बात कही है। ईंधन की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों पर पड़ सकता है। पेट्रोल महंगा होने से निजी वाहनों का खर्च बढ़ेगा, जबकि डीजल की कीमत बढ़ने से परिवहन लागत और जरूरी सामानों की कीमतों पर असर पड़ने की आशंका है।
