रायपुर में KK रोड का नया नाम: अब ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’ के नाम से होगी पहचान

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा स्थित जयस्तंभ चौक से फाफाडीह चौक तक का केके रोड (KK Road) अब ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’ के नाम से जाना जाएगा। नगर निगम ने इस मार्ग पर नामकरण की पट्टिकाएं भी स्थापित कर दी हैं।

जानकारी के अनुसार, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी के ब्राम्हणपारा वार्ड दौरे के दौरान स्वर्गीय कृष्ण कुमार शर्मा के परिजनों ने मार्ग पर नामकरण संबंधी सूचना पट्टिका लगाने का अनुरोध किया था। विधायक ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ से चर्चा की और तत्काल कार्रवाई का सुझाव दिया।

सभापति सूर्यकांत राठौड़ के निर्देश पर नगर निगम जोन-2 ने जयस्तंभ चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के सामने तथा फाफाडीह स्थित बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज के सामने कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग की नामकरण पट्टिकाएं स्थापित कर दीं। अब यह मार्ग आधिकारिक रूप से कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग के नाम से पहचाना जाएगा।