रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। इनमें रायपुर का सरोना रेलवे स्टेशन करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है।
पुनर्विकास के तहत सरोना स्टेशन में 95 वर्गमीटर का नया कॉनकोर्स भवन, 2000 वर्गमीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, नया फुट ओवरब्रिज, 7 प्लेटफॉर्म शेल्टर, 2800 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म अपग्रेडेशन, 2 लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, दूसरा प्रवेश द्वार, पर्याप्त पार्किंग, एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन परिसर को छत्तीसगढ़ की लोक कला की झलक के साथ आकर्षक स्वरूप दिया गया है। स्टेशन के पुनर्विकास की खास बात यह है कि निर्माण कार्य के दौरान 6 से अधिक पुराने पेड़ों को संरक्षित रखा गया। इनमें प्लेटफॉर्म के बीच स्थित एक बड़ा पेड़ स्टेशन की नई पहचान बन गया है, जबकि परिसर के अन्य बड़े पेड़ों को भी सुरक्षित रखते हुए विकास कार्य पूरा किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि रेलवे में हो रहे व्यापक बदलाव से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
