रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का शुक्रवार को अंतिम दिन है। पांचवें दिन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू हुई, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब दिए जाएंगे। इसके बाद शासकीय एवं अशासकीय कार्यों के साथ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में चर्चा होगी। प्रश्नकाल के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी स्थानीय निकायों से संबंधित CAG की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा विधायक गोमती साय, धर्मजीत सिंह और भईयालाल राजवाड़े विभिन्न समितियों के प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे।
दिन की सबसे महत्वपूर्ण कार्यवाही विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रस्ताव को सदन में प्रस्तुत करेंगे, जिस पर पक्ष और विपक्ष के बीच विस्तृत बहस होने की संभावना है। चर्चा देर रात तक चल सकती है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने मानसून सत्र के दूसरे दिन राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए 17 जुलाई को इस पर चर्चा कराने का निर्णय लिया था। राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा में यह दसवां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले लाए गए सभी नौ अविश्वास प्रस्ताव सरकारों के बहुमत के चलते पारित नहीं हो सके थे।
