वेतन भुगतान में देरी पर भड़के SECL गेवरा के ठेका श्रमिक, श्रमिक चौक पर प्रदर्शन, परियोजना का काम ठप

Follow Us

कोरबा। एसईसीएल गेवरा परियोजना में SILO और CHP निर्माण कार्य से जुड़े बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के करीब 150 ठेका श्रमिकों ने वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में गुरुवार को श्रमिक चौक पर प्रदर्शन किया। श्रमिकों के काम पर नहीं पहुंचने से परियोजना का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आरोप है कि करीब दो माह पहले भी वेतन भुगतान में देरी को लेकर उन्होंने CGM कार्यालय का घेराव किया था। उस दौरान SECL के एरिया पर्सनल मैनेजर, कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच यह सहमति बनी थी कि प्रत्येक माह 7 से 10 तारीख के बीच वेतन का भुगतान अनिवार्य रूप से किया जाएगा।

श्रमिकों का कहना है कि तय समय सीमा बीत जाने के बावजूद इस माह भी वेतन नहीं मिला। 10 तारीख को कंपनी प्रबंधन से संपर्क करने पर सोमवार से बुधवार के बीच भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक मजदूरी नहीं मिली। आरोप है कि दोबारा जानकारी लेने पर अधिकारियों ने कहा कि “जब पेमेंट आएगा, तब काम पर आना।” इस जवाब से नाराज श्रमिकों ने श्रमिक चौक पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और काम बंद कर दिया। इससे परियोजना के निर्माण कार्य पर सीधा असर पड़ा है। श्रमिकों ने जल्द से जल्द बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।