मालगाड़ी डिरेलमेंट मामला: RPF की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार; रेलवे ट्रैक पर JCB बकेट आने से हुआ था हादसा

Follow Us

बिलासपुर। करगी रोड रेलवे स्टेशन पर हुई मालगाड़ी डिरेलमेंट की घटना में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान बिलासपुर से इंदौर तक के रेलवे स्टेशनों की CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। वहीं इस मामले का मुख्य आरोपी निजी ठेकेदार पवन नायक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को दोपहर करीब 2:20 बजे करगी रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 स्थित लाइन नंबर-3 पर मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए थे। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन रेलवे यातायात प्रभावित हुआ था। मौके पर जांच के दौरान रेलवे अधिकारियों को डिब्बों के नीचे JCB मशीन का बकेट फंसा हुआ मिला था।

रेलवे जांच में सामने आया कि JCB बकेट को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर उतारने के बाद कुछ मजदूर उसे प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान मालगाड़ी को आता देख मजदूर भारी बकेट को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर मौके से भाग गए, जिसके कारण मालगाड़ी के तीन वैगन पटरी से उतर गए। गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश टेकाम उर्फ मुन्ना (25), नरहर सिंह उर्फ पिंटू (35), देवा सिंह (38), बुद्धू सिंह (49), छत्रपति मरावी (32), लोकेश मांडवी (19), अनुराग मरावी (31), अभिषेक यादव (21), मोहम्मद शमीर (24) और कोच अटेंडेंट अमित यादव (23) शामिल हैं। RPF मामले की आगे जांच कर रही है और फरार मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।