ब्रिटेन का बड़ा एक्शन:आईआरजीसी समेत दो ईरानी संगठनों पर आतंकवादी प्रतिबंध, बढ़ा तनाव

Follow Us

लंदन। ब्रिटेन सरकार ने ईरान के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) समेत दो संगठनों को आतंकवादी सूची में शामिल कर दिया है। ब्रिटेन के गृह मंत्रालय के अनुसार, अब इन संगठनों को समर्थन देना या इनसे जुड़ी गतिविधियों में शामिल होना कानूनन अपराध माना जाएगा। सरकार ने IRGC पर कार्रवाई के पीछे कई सुरक्षा चिंताओं का हवाला दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, ईरान से जुड़े कथित खतरों, जिसमें ईरान इंटरनेशनल टेलीविजन के पत्रकारों को निशाना बनाने की साजिश और ब्रिटिश संस्थानों पर साइबर हमलों के आरोप शामिल हैं, के बाद यह फैसला लिया गया।

इसके अलावा इस्लामिक मूवमेंट ऑफ द कंपैनियंस ऑफ द राइट (IMCR) को भी प्रतिबंधित संगठनों की सूची में शामिल किया गया है। इस संगठन पर ब्रिटेन में यहूदी ठिकानों को निशाना बनाने के आरोप लगाए गए हैं। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि, नए अधिकारों से देश में गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई करना आसान होगा। प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों को कड़ी सजा का सामना करना पड़ सकता है, जिसमें जेल और जुर्माना शामिल है। इस फैसले के बाद ब्रिटेन और ईरान के रिश्तों में तनाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि, तेहरान की ओर से भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया आ सकती है।