रायपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर, 2 लाख के चार दोपहिया वाहन जब्त

Follow Us

15 से अधिक मामलों में आरोपी अभिषेक राय उर्फ जीतू गिरफ्तार, फरार भाई की तलाश जारी

रायपुर। राजधानी में लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर अभिषेक राय उर्फ जीतू (26) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के तीन दोपहिया वाहन और वारदात में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल सहित कुल चार वाहन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है, जब्त किए हैं।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर गठित विशेष टीम वाहन चोरी की घटनाओं की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर अभिषेक राय उर्फ जीतू चोरी के वाहनों का लगातार इस्तेमाल कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने विधानसभा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को टीवीएस ड्रीम योगा मोटरसाइकिल (CG 04 MR 2024) के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने और संदिग्ध जवाब देने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर यह मोटरसाइकिल थाना पंडरी क्षेत्र स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग से चोरी की थी।

पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने भाई के साथ पल्सर मोटरसाइकिल से शहर के विभिन्न इलाकों में रेकी करता था और विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से दो अन्य दोपहिया वाहन भी चोरी किए थे। चोरी के वाहनों की पहचान छिपाने के लिए दोनों आरोपी उनकी नंबर प्लेट बदल देते थे।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की टीवीएस ड्रीम योगा , स्प्लेंडर मोटरसाइकिल , एक्टिवा तथा वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अभिषेक राय उर्फ जीतू थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में वाहन चोरी सहित 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह दुर्ग जिले के थाना अंडा में दर्ज एक बैंक डकैती के मामले में भी जेल जा चुका है।

इस मामले में आरोपी का भाई भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।