दुर्ग। भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम मार्केट में सोमवार को एक किराना दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के ऊपर पहली मंजिल पर मौजूद तीन लोगों को जान बचाने के लिए छत से कूदना पड़ा। हादसे में दो युवक सामान्य रूप से झुलस गए, जबकि दुकान और गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार,
श्रीराम मार्केट स्थित राजेश किराना में अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि दुकान में बिक्री के लिए पेट्रोल भी रखा हुआ था, जिसके कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें पूरे दुकान और गोदाम में फैल गईं, जिससे वहां रखा अधिकांश सामान जल गया।
आग लगने के दौरान पहली मंजिल पर मौजूद तीन लोग अंदर फंस गए थे। धुआं और आग बढ़ने पर उन्होंने छत के रास्ते कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं दो युवक आग की चपेट में आने से सामान्य रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब आधे घंटे तक दमकल की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वैशाली नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

