दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, खम्हरिया में छात्राओं के अचानक चीखने, घबराने और बेहोश होने की घटनाओं से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया है। बीते सप्ताह शुक्रवार से अब तक करीब 10 से 15 छात्राएं इस तरह की घटनाओं से प्रभावित हुई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ छात्राएं पहले तेज आवाज में चीखने लगती हैं और उसके बाद बेहोश हो जाती हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी छात्राओं की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
सबसे पहले शुक्रवार को तीन छात्राओं को उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद भी अलग-अलग दिनों में इसी तरह की घटनाएं सामने आती रहीं। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, अब तक यह घटनाएं केवल दोपहर की पाली में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं और 11वीं की छात्राओं में ही सामने आई हैं। वहीं, मॉर्निंग शिफ्ट में ऐसी कोई घटना दर्ज नहीं हुई है।
स्कूल प्रबंधन ने पूरे मामले की जानकारी जिला शिक्षा विभाग को दे दी है। फिलहाल शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारी घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। छात्राओं के बेहोश होने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटनाओं के पीछे कोई स्वास्थ्य संबंधी, मनोवैज्ञानिक या अन्य कारण है। फिलहाल प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच में जुटा हुआ है।


