टीटीएफ कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ टूरिज्म का जलवा, 21 राज्यों के बीच मिला ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ राष्ट्रीय सम्मान

Follow Us

रायपुर। ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (टीटीएफ) कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 21 राज्यों की सहभागिता के बीच छत्तीसगढ़ के आकर्षक और सृजनात्मक पवेलियन को “बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

12 से 14 जुलाई तक विश्व बंगला प्रांगण, कोलकाता में आयोजित इस प्रतिष्ठित पर्यटन मेले में छत्तीसगढ़ के पवेलियन ने आगंतुकों, टूर ऑपरेटर्स, निवेशकों और पर्यटन विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया। पवेलियन में बस्तर की जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर, भोरमदेव, धार्मिक और इको-टूरिज्म सहित राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत किया गया।

आयोजन के दौरान पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन सचिव एस. भारतीदासन और प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स, होटल समूहों और निवेशकों के साथ कई बी-टू-बी बैठकें कीं। इन बैठकों में पर्यटन निवेश, संयुक्त पर्यटन पैकेज, विपणन सहयोग और नए पर्यटन बाजारों तक पहुंच बढ़ाने पर चर्चा हुई।

मेले में छत्तीसगढ़ के साथ लगभग 28 पंजीकृत टूर ऑपरेटर्स, होटल और होम-स्टे संचालकों ने भी भाग लिया। उद्घाटन अवसर पर गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन ए. खंवटे, उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष और थाईलैंड की महावाणिज्य दूत सिरीपोर्न तांतीपन्याथेप सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन कर राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं की सराहना की।

पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ पर्यटन लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। वहीं, पर्यटन सचिव एस. भारतीदासन ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सक्रिय सहभागिता से राज्य में पर्यटन निवेश, रोजगार और निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने इसे राज्य के पर्यटन उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।