बिलासपुर। शहर के तारबहार थाना क्षेत्र स्थित अंबा पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में लगने और कथित कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि स्कूल ड्रेस पहने दो नाबालिगों समेत तीन युवकों ने दो छात्रों के साथ जमकर मारपीट कर दी। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों छात्र पेट्रोल पंप पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान लाइन में लगने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीन युवकों ने छात्रों पर हमला कर दिया और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद पीड़ित छात्रों ने तारबहार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
