गोल्डमैन सैक्स का भारत पर भरोसा, निफ्टी 26,500 तक पहुंचने का अनुमान

Follow Us

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार को लेकर वैश्विक निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स का नजरिया अब पहले से ज्यादा सकारात्मक हो गया है। संस्था का मानना है कि, विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव कम हो रहा है और मजबूत घरेलू निवेश के दम पर भारतीय इक्विटी बाजार आगे बढ़ सकता है।

गोल्डमैन सैक्स के विश्लेषकों ने अपनी ताजा इंडिया स्ट्रैटेजी रिपोर्ट में अनुमान जताया है कि जून 2027 तक निफ्टी 26,500 के स्तर तक पहुंच सकता है, जो मौजूदा स्तरों से करीब 10 प्रतिशत की बढ़त को दर्शाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की पहली छमाही में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से बड़ी मात्रा में पैसा निकाला था, लेकिन जून के दूसरे हिस्से से उनका रुख बदलना शुरू हुआ। विदेशी निवेशक दोबारा भारतीय शेयरों में खरीदारी करते नजर आए हैं।

विश्लेषकों का कहना है कि, भारतीय बाजार में घरेलू मांग, आर्थिक सुधार और मजबूत निवेश आधार लंबे समय में सकारात्मक संकेत दे रहे हैं। हालांकि, आय में कमी और वैल्यूएशन को लेकर कुछ चुनौतियां बनी रहेंगी। एनएसडीएल के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय इक्विटी से शुद्ध निकासी की है, लेकिन हालिया खरीदारी से बाजार में भरोसा लौटने के संकेत मिल रहे हैं।