धमतरी। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी भावना पांडेय ने मंगलवार को धमतरी जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान एसपी सूरज सिंह परिहार ने विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें कार्यभार सौंपा। पदभार संभालने के बाद एसपी भावना पांडेय ने कहा कि जिले में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर त्वरित नियंत्रण, जनोन्मुखी पुलिसिंग और पारदर्शी कार्यसंस्कृति उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
कार्यभार ग्रहण के दौरान निवर्तमान एसपी सूरज सिंह परिहार ने उन्हें जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, संवेदनशील मामलों, चल रहे विशेष अभियानों और सामुदायिक पुलिसिंग की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जिले के राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
पदभार संभालने के बाद एसपी भावना पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा, पीड़ितों को समय पर न्याय और पुलिस-जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर लंबित प्रकरणों, रिकॉर्ड संधारण और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए तथा अभिलेखों को व्यवस्थित रखा जाए।
एसपी भावना पांडेय ने जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद से अपराध नियंत्रण अधिक प्रभावी होता है। उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने और टीमवर्क, ईमानदारी तथा समर्पण के साथ जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
