महानदी किनारे मिला महिला का शव, शरीर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

Follow Us

आरंग। ग्राम पारागांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महानदी के किनारे एक महिला का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। महिला के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं, जिससे पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतिका की पहचान पारागांव निवासी रुक्मणी सोनवानी (36 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रुक्मणी के पति का पहले ही निधन हो चुका था। महानदी किनारे शव मिलने की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल से कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला के शरीर पर मौजूद चोट के निशान मौत से पहले मारपीट या संघर्ष की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

आरंग पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर हर एंगल से जांच की जा रही है। मृतिका के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरी बार रुक्मणी को किसके साथ देखा गया था और क्या उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है और दोषियों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।