नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में सोमवार रात भीषण आग लगने से DRDO के एक वैज्ञानिक का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग की वजह एयर कंडीशनर (AC) में हुआ शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हादसे में घर का अधिकांश सामान, महत्वपूर्ण दस्तावेज और घरेलू वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।
दमकल विभाग के मुताबिक, रात करीब 9:19 बजे चार मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। आग का असर दूसरी मंजिल के एक हिस्से तक भी पहुंचा, जिससे वहां भी नुकसान हुआ। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया और आसपास के घरों तक आग फैलने से रोक लिया गया।
राहत की बात यह रही कि हादसे के समय DRDO वैज्ञानिक अरि सुदन तिवारी और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था। पूरा परिवार एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए बिहार गया हुआ था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
