होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ा तनाव, ट्रंप ने ईरान के सामने रखी शर्त; 24 घंटे में जवाब मांगा

Follow Us

वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने ईरान के सामने शर्त रखी है कि वह सार्वजनिक रूप से समुद्री मार्ग को खुला रखने और व्यापारिक जहाजों पर किसी भी तरह के हमले रोकने की प्रतिबद्धता जताए। रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका चाहता है कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को बिना किसी बाधा के जारी रखने का ऐलान करे। अमेरिकी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर ईरान को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। यहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस का परिवहन होता है, इसलिए इस क्षेत्र में किसी भी तरह का तनाव वैश्विक ऊर्जा बाजार को प्रभावित कर सकता है। अमेरिका का आरोप है कि ईरान ने पिछले समझौतों के बाद भी व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाए और कुछ जहाजों को निशाना बनाया गया। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया। वहीं, ईरान का कहना है कि उसने होर्मुज क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही के लिए अपना अलग रास्ता तैयार किया है और जहाजों को उसके नियंत्रण वाले मार्ग से गुजरना होगा। इसी मुद्दे को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद गहराते जा रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी अधिकारियों ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ निजी बातचीत में हालिया घटनाओं को लेकर सफाई दी है। कुछ ईरानी अधिकारियों ने दावा किया कि जहाजों से जुड़े हमलों के पीछे कट्टरपंथी तत्व जिम्मेदार हो सकते हैं। इस पूरे मामले में एक ओर अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर बातचीत की संभावनाएं बनी हुई हैं, वहीं दूसरी ओर होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर नया विवाद सामने आ गया है। अब नजर इस बात पर है कि ईरान अमेरिकी मांग पर क्या प्रतिक्रिया देता है और क्या दोनों देश इस रणनीतिक समुद्री मार्ग को लेकर किसी समझौते तक पहुंच पाते हैं या नहीं।