मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को अभिनेता शेखर सुमन के सहयोगी धर्मेश संघानी से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित विदेशी संपत्तियों, संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय लेन-देन और फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) से जुड़े मामले में की गई है। जांच एजेंसी के अनुसार, धर्मेश संघानी की कंपनी कलानी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड पर विदेशी लेन-देन में अनियमितताओं का संदेह है। ईडी का दावा है कि कुछ निर्यात सौदों से जुड़ी रकम भारत नहीं आई और इसके लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक अनुमति भी नहीं ली गई। जांच के दौरान कथित तौर पर कनाडा, अमेरिका और यूएई में अघोषित विदेशी खातों और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात कही गई है।
ईडी ने यह भी बताया कि, धर्मेश संघानी की एक विदेशी कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी की जानकारी सामने आई है, जिसकी घोषणा नहीं की गई थी। इसके अलावा कुछ विदेशी बैंक खातों और लेन-देन की जांच भी जारी है। छापेमारी के दौरान डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है। ईडी के मुताबिक, संघानी ने कथित तौर पर अपना मोबाइल फोन 13वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। इस मामले में मुंबई पुलिस को भी जानकारी दी गई है। जांच एजेंसी अब सभी दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

